Home उत्तर प्रदेश वर्ल्ड हेरिटेज डे पर झाँसी वैगन कारखाना में हेरिटेज वॉक, छात्रों ने...

वर्ल्ड हेरिटेज डे पर झाँसी वैगन कारखाना में हेरिटेज वॉक, छात्रों ने देखा ऐतिहासिक रेल विरासत

JHANSI NEWS: भारतीय रेल के लिए सर्वाधिक वैगन उत्पादन करने वाले वैगन वर्कशॉप, झाँसी में वर्ल्ड हेरिटेज डे के अवसर पर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के नागरिकों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कारखाने परिसर स्थित झलकारी बाई हरित पार्क तथा कारखाना म्यूजियम का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने वर्ष 1874 का स्टीम रोड रोलर, 1897 में बर्मा टीक से बना ओल्ड सैलून, सिंधिया स्टेट रेलवे और धौलपुर दरबार रेलवे के पुराने कोच एवं वैगन सहित अनेक ऐतिहासिक रेल सामग्रियों को देखा। कार्यक्रम में “एक कदम मानवता की ओर” एनजीओ द्वारा संचालित लिटिल लाइफ पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं विशेष रूप से उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर “धरोहर को संरक्षित रखकर भविष्य का निर्माण” विषय पर एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। मुख्य कारखाना प्रबंधक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस सेमिनार को संबोधित करते हुए  अजय श्रीवास्तव ने कहा कि भारत अपनी समृद्ध विरासत और विविधता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है, जिसमें भारतीय रेलवे का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि यूनेस्को द्वारा दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, कालका-शिमला रेलवे तथा मुंबई सीएसएमटी स्टेशन को विश्व धरोहर घोषित किया जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि 130 वर्ष पुराना वैगन वर्कशॉप झाँसी भी हमारी ऐतिहासिक विरासत का अहम हिस्सा है। संरक्षा अधिकारी आफाक अहमद ने झाँसी रेलवे के इतिहास, विस्तार और विकास यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया। सेमिनार में डिप्टी सीएमई अमित तिवारी, शिवेंद्र, बी.के. वर्मा, उत्पादन इंजीनियर समर्थ अग्रवाल, डब्ल्यूएम संजीव चाबा, एडब्ल्यूएम आयुष गोयल, सुरेश कुरील, पीएस टू सीडब्ल्यूएम मधुसूदन सिन्हा, कार्यालय अधीक्षक शिवशंकर सिंह तथा मीडिया निदेशक दीपक भिण्डोरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सीनियर सेक्शन इंजीनियर ए.के. जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उत्पादन इंजीनियर समर्थ अग्रवाल द्वारा किया गया।