LAKHIMPUR KHERI NEWS: लखीमपुर खीरी में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के बैनर तले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी ने अधिकारियों पर जातिसूचक गालियां देने और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। आज 16 अप्रैल 2026 दिन गुरुवार समय करीब दोपहर के 12:00 बजे पीड़ित कर्मचारी अनिल कुमार राज ने संगठन के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित अनिल कुमार राज ने बताया वह संगठन का जिला अध्यक्ष भी है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता मुख्यालय द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। कर्मचारी का कहना है कि उन्हें बार-बार सस्पेंड करने की धमकी दी जाती है और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया जाता है।पीड़ित कर्मचारी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा उन्हें उनके सामाजिक वर्ग को लेकर अपमानित किया जाता है और कार्यालय से बाहर बैठने तक के लिए कहा जाता है। साथ ही यह भी कहा गया कि जब भी किसी मुद्दे को लेकर किसान संगठन या पत्रकार कार्यालय पहुंचते हैं, तो अधिकारियों द्वारा बिना आधार के कर्मचारियों पर ही जानकारी लीक करने का आरोप लगाया जाता है। कर्मचारी ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।







