JHANSI NEWS: उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल रेल चिकित्सालय में 54 वर्षीय महिला का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न कर चिकित्सकों की टीम ने उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा का परिचय दिया। यह ऑपरेशन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। जानकारी के अनुसार महिला मरीज पिछले लगभग दो माह से पेट दर्द से पीड़ित थीं और उपचार के लिए मंडल रेल चिकित्सालय के मैटरनिटी वार्ड में भर्ती थीं। जांच के दौरान उनके पेट में लार्ज ओवेरियन सिस्ट पाया गया। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षणों के बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता तिर्की तथा उनकी टीम ने सफल ऑपरेशन कर सिस्ट को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अजीत लहारिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं ऑपरेशन थिएटर स्टाफ प्रभारी मैट्रन श्रीमती अरपिता, नर्सिंग अधीक्षक मनोज कुमार तथा समस्त ओटी स्टाफ ने भी पूरी प्रक्रिया में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा ने सफल ऑपरेशन पर पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण रेलकर्मियों, उनके आश्रितों एवं पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी बेहतर और सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।







