JHANSI NEWS: नगर आयुक्त ने गुरुवार सुबह वार्ड संख्या-59 का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, नालियों, सड़क, अतिक्रमण एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर मिली कमियों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मालियों के चौराहे के पास बने मूत्रालय को स्थानीय आवश्यकता के अनुसार शौचालय में परिवर्तित करने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य अभियंता को दिए गए। वहीं बड़ा बाजार मार्ग पर विजय साइकिल स्टोर के पास जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत न होने पर अपर नगर आयुक्त को जल निगम से समन्वय स्थापित कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम के पास बने चबूतरे के नीचे जमा कचरे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए चबूतरे को आवश्यकतानुसार हटाकर सफाई कराने तथा वहां लगी मोटर को संबंधित विभाग से ठीक कराने के निर्देश दिए गए। मजदूरों वाली गली के सामने स्थित प्याऊ की मरम्मत कर पानी निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया. सब्जी मंडी के पास सड़क पर ठेला लगाकर किए गए अतिक्रमण पर जोनल अधिकारी प्रथम को नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं ट्रांसफार्मर के पास लगी अवैध होर्डिंग्स हटाने के भी आदेश दिए गए। हजरयाना स्थित गऊघाट के सामने वार्ड के कूड़ा संग्रहण स्थल का निरीक्षण करते हुए मुख्य अभियंता को नाली की मरम्मत, ड्रेन कवर व्यवस्थित करने तथा प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि कूड़ा बिना फैले आसानी से उठाया जा सके।
रामराजा ऑटो पार्ट्स के पास हाल ही में बने नाले में जलभराव की शिकायत मिलने पर संबंधित ठेकेदार से मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। जनक कंप्यूटर्स एवं एस.के. टेलर्स के सामने नालियों में गंदगी पाए जाने पर तत्काल सफाई कराकर फोटो उपलब्ध कराने तथा संबंधित सफाई हवलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए। नगर आयुक्त ने वार्ड की विभिन्न गलियों में इंटरलॉकिंग, सीसी ब्लॉक एवं नालियों की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी मुख्य अभियंता को दिए। बाल विकास परियोजना कार्यालय, जगदीश प्रसाद नौगैया के सामने, पचैरी सदन, वासुदेव तथा सुभाषगंज क्षेत्र में नालियों और कंजरवेंसी की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही राधारानी कलेक्शन के पास ड्रेन कवर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए अवर अभियंताओं को प्रतिदिन कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद संजीव गुप्ता, राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त गौरव कुमार, सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी राजवीर सिंह, मुख्य अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राघवेंद्र, अधिशासी अभियंता श्रीमती नीना सिंह, सहायक अभियंता बिपिन कुमार तथा अवर अभियंता मोहित गर्ग एवं कल्याण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







