कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
FATEHPUR NEWS: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के चढ़ावे और दान में कथित चोरी के मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न किए जाने के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी एवं महिला कांग्रेस कमेटी ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा तथा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित दान की चोरी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि सरकार ने केवल दिखावे के लिए एसआईटी का गठन किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बिना एफआईआर के जांच की प्रक्रिया संदेह के घेरे में है। यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, वरिष्ठ नेता देवी प्रकाश दुबे, आशीष गौड़ तथा करीम उल्ला सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से कहा कि आस्था के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार भगवान के घर में हुई कथित चोरी के मामले पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इस अवसर पर अकरम, मोहित वर्मा, संजय, आकाश, मनोज, सुमन, रीता, हम्माद सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस तथा एनएसयूआई के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







