JHANSI NEWS: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपनी नई क्षेत्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसी क्रम में बड़ागांव के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता राकेश कुशवाहा को क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के निर्देशन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी के अनुमोदन तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय की संस्तुति पर एससी/एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष मुन्नालाल दिनकर द्वारा कार्यकारिणी की घोषणा की गई। राकेश कुशवाहा को मीडिया प्रभारी बनाए जाने से संगठन और मीडिया के बीच संवाद एवं समन्वय को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्र में लंबे समय से पत्रकारिता एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े राकेश कुशवाहा की पहचान जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले सक्रिय व्यक्तित्व के रूप में रही है। उनकी नियुक्ति पर रालोद पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि राकेश कुशवाहा अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति को बुन्देलखण्ड में रालोद के जनाधार विस्तार और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







