राहुल चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने किया DM कार्यालय का घेराव, राष्ट्रपति को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
KUSHINAGAR NEWS: देश भर में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के समर्थन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) शनिवार को सड़क पर उतर आई। पार्टी के जिलाध्यक्ष राहुल चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने जिला मुख्यालय रविन्द्र नगर पर प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारेबाजी की। डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र और नीले झंडे के साथ निकले जुलूस में युवा “शिक्षा माफिया मुर्दाबाद”, “बेरोजगारी बंद करो” के नारे लगाते हुए DM कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
छात्रों की पीड़ा रखी सामने
ज्ञापन सौंपने से पहले राहुल चौधरी ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र पिछले कई सालों से NEET, SSC, रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के शिकार हो रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण युवा मानसिक तनाव, आर्थिक संकट और भविष्य के अंधकार से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा “अगर अब भी सरकार नहीं जागी तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी।”
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
1. नैतिक जिम्मेदारी NEET पेपर लीक सहित शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
2. आर्थिक सहायता पेपर लीक से मानसिक आघात झेलने वाले छात्रों और आर्थिक नुकसान उठाने वाले परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए।
3. संसद में चर्चा पेपर लीक और छात्र आंदोलनों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए।
4. कानूनी सुरक्षा आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।
5. कठोर कार्रवाई शिक्षा माफियाओं और पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ समयबद्ध और कठोर कार्रवाई की जाए।
6. पारदर्शी परीक्षा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में सुरक्षित और पारदर्शी प्रणाली लागू की जाए।
7. शुल्क माफी सभी सरकारी भर्तियों एवं प्रवेश परीक्षाओं का परीक्षा शुल्क समाप्त किया जाए।
8. परीक्षा केंद्र महिला अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र गृह जनपद और पुरुषों का निकटवर्ती जनपद में रखा जाए।
9. रिक्त पद सभी विभागों के रिक्त पदों पर निर्धारित समय सीमा में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए।
10. पुलिस कार्रवाई की जांच छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच हो। सादी वर्दी वालों की पहचान, आंसू गैस, क्षतिग्रस्त वाहन, पत्थरों से भरे ट्रक और कीलों वाली लाठियों के प्रयोग की स्वतंत्र जांच हो। भविष्य में सभी पुलिसकर्मियों की वर्दी पर नाम-पट्ट अनिवार्य किया जाए।
जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा भी उठा
ज्ञापन में पार्टी ने रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को तुरंत रोकने की मांग की। नेताओं का कहना था कि इस कार्रवाई से हजारों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
प्रदर्शन के अंत में पदाधिकारियों ने कहा कि उनका मकसद टकराव नहीं बल्कि युवाओं को न्याय दिलाना है। यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।







