KUSHINAGAR NEWS: जनपद में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में आज पुलिस अधीक्षक सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पीस कमेटी की बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं समुदायों के बीच समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का सभी संबंधित अधिकारी एवं आयोजक गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करें ताकि आगामी त्यौहार पूर्ण शांति एवं सौहार्द के साथ सम्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ताजिया जुलूसों के पारंपरिक मार्गों का पुनः सत्यापन कर लिया जाए तथा मार्गों एवं चौराहों से जुड़े किसी भी विवाद का समाधान उपजिलाधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम का जुलूस केवल परंपरागत मार्गों से ही निकाला जाएगा तथा किसी भी नए मार्ग अथवा नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे स्थानीय शांति समितियों, संभ्रांत नागरिकों तथा ताजियादारों के साथ बैठक कर आपसी संवाद स्थापित करें तथा यदि कहीं कोई पुराना विवाद हो तो उसका समाधान मोहर्रम से पूर्व ही करा लिया जाए। विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूस मार्गों का गहन निरीक्षण कर नीचे लटक रहे अथवा जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। सभी विद्युत पोलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार इंसुलेशन की व्यवस्था की जाए ताकि ताजिए सुरक्षित रूप से गुजर सकें। जिलाधिकारी ने ताजियादारों से अपील की कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। साथ ही डीजे संचालकों की सूची तैयार कर उन्हें निर्धारित ध्वनि सीमा (डेसिबल) के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने के निर्देश दिए जाएं। बैठक में नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिकारियों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, गड्ढामुक्त सड़कें तथा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मोहर्रम के दौरान एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि किसी भी स्थिति में ताजिए की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई वाले ताजियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने ताजियादारों से ताजियों की सुरक्षा हेतु स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व पूर्णतः परंपरागत तरीके से ही मनाया जाएगा तथा नई परंपराओं की अनुमति नहीं होगी। साथ ही निर्धारित संख्या एवं ध्वनि सीमा से अधिक साउंड सिस्टम पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, जनपद की समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पीस कमेटी के सम्मानित सदस्य एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे।







