भारत की जनगणना 2027 को लेकर नगर पालिका परिषद के सभागार कक्ष में हुई बैठक
BHADOHI NEWS: भारत की जनगणना 2027 को लेकर गुरुवार को नगर पालिका परिषद के सभागार कक्ष में पालिकाध्यक्ष नरगिस अतहर की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से स्व-गणना की। वहीं एसडीएम भदोही अरुण गिरी ने जनगणना-2027 को लेकर सभी को आवश्यक जानकारी प्रदान की। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 को डिजिटल, पारदर्शी एवं सरल बनाने की दिशा में जनपद प्रशासन द्वारा व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 7 मई से स्वप्रेरणा से स्व-गणना का शुभारंभ हो गया। 21 मई तक स्वप्रेरणा से स्व-गणना का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत लोग स्वयं वेबसाइट पर स्वप्रेरणा से अपनी जनगणना कर भारत सरकार द्वारा पहली बार लाई गई इस अभूतपूर्व योजना, प्रक्रिया में सहभागिता प्रदान कर सकते हैं। स्व-गणना पोर्टल पर सभी अधिसूचित प्रश्नों के उत्तर का चयन किए जाने के पश्चात एक एसई आईडी जनरेट होगी। जिसे संजोकर रखना है एवं क्षेत्र के प्रगणक को उपलब्ध कराकर अपनी जनगणना पूर्ण करनी है। एसडीएम ने बताया कि स्व-गणना करते समय की फोटो अपने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रदर्शित करते हुए जन में जागरूकता प्रसारित करने में सहयोग प्रदान करें। यदि स्व-गणना के संबंध में किसी प्रकार की कोई समस्या आती है, तो कंट्रोल रूम के दूरभाष पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित कार्य चल रहा है। इस प्रक्रिया में 22 मई से 20 जून तक सभी क्षेत्रों में प्रगणक घर-घर जाकर भारत सरकार द्वारा अधिसूचित प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करेंगे। वहीं विधायक जाहिद बेग ने कहा कि जनगणना केवल नागरिकों की संख्या का आंकलन मात्र ही नहीं, अपितु यह आयु, लिंग, साक्षरता, आर्थिक गतिविधि आदि महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों के संग्रह की एक प्रमुख प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं का निर्धारण किया जाता है। पालिकाध्यक्ष नरगिस अतहर ने नगरवासियों को अपने मोबाइल फोन से स्वप्रेरणा से स्व-गणना करने की अपील की।
इस मौके पर ईओ धर्मराज सिंह, सभासद एवं पालिकाध्यक्ष पति डॉ.मो.अतहर अंसारी, गुलाम हुसैन संजरी, हसीब खां, गिरधारी जायसवाल, अजय दुबे, अबरार अंसारी, अरविंद मौर्य, इसरार अहमद, सेराज अंसारी, अलाऊ खां, प्रदीप यादव आदि सहित खाद्य एवं सफाई निरीक्षक मिथिलेश कुमार तथा नपा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





