Home उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण की दिशा में बलरामपुर की नई उड़ान, एवरेस्ट बेस कैंप...

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बलरामपुर की नई उड़ान, एवरेस्ट बेस कैंप के लिए रवाना हुईं जनपद की बेटियां

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान)  जनपद में महिला सशक्तिकरण एवं “सशक्त बेटियां, सशक्त बलरामपुर”  की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के अंतर्गत जनपद की तीन प्रतिभाशाली छात्राएं एवरेस्ट बेस कैंप अभियान के लिए रवाना हुईं। इस अवसर ने जनपदवासियों में गर्व एवं उत्साह का वातावरण उत्पन्न कर दिया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पचपेड़वा की छात्रा नीलांशु, डीएवी इंटर कॉलेज की छात्रा प्रियंका उपाध्याय एवं कंपोजिट स्कूल रमनगरा की छात्रा प्रियंका प्रजापति को कलेक्ट्रेट परिसर से माननीय विधायक बलरामपुर सदर श्री पल्टूराम, माननीय विधायक तुलसीपुर श्री कैलाश नाथ शुक्ला एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छात्राओं के साथ कोच, हैंडबॉल स्पोर्ट्स स्टेडियम की प्रशिक्षक हिना खातून भी अभियान के लिए रवाना हुईं। इस दौरान छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा छात्राओं के साहस, आत्मविश्वास एवं दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय विधायक बलरामपुर सदर श्री पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर अभूतपूर्व कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बलरामपुर की बेटियों का एवरेस्ट बेस कैंप जैसे चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए जाना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। ये बेटियां समाज की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा एवं रोल मॉडल बनेंगी तथा यह संदेश देंगी कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल अभियान की कामना करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया। यह पहल जनपद में बेटियों के आत्मविश्वास, खेल प्रतिभा एवं साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।