PRAYAGRAJ NEWS: (सलीम खान संवादाता) न्याय न मिलने पर तीसरे दिन भी जल सत्याग्रह पर डटा परिवार: तालाब में खड़े होकर प्रशासन से न्याय की मांग। प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मवैया गांव में तालाब विवाद को लेकर पीड़ित परिवार का जल सत्याग्रह लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को भी अयोध्या प्रसाद भारतीय अपने परिवार के साथ गांव के तालाब में तिरंगा झंडा लेकर पानी के बीच खड़े रहे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते रहे। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मवैया गांव निवासी अयोध्या प्रसाद भारतीय का गांव के ही विजय बहादुर नामक व्यक्ति से तालाब को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित का आरोप है। कि संबंधित तालाब पर अवैध कब्जा कर मत्स्य पालन किया जा रहा है और जब उनके परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो उनके खिलाफ थाना कौंधियारा में मुकदमा दर्ज करा दिया गया पीड़ित परिवार का कहना है कि लगभग एक सप्ताह पहलेभी वे तालाब के पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। उस दौरान राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और आश्वासन दिया था कि यदि तालाब पर मत्स्य पालन के लिए कोई वैध कागजी प्रक्रिया नहीं हुई है तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुलिस द्वारा भी यह कहा गया था कि यदि दर्ज मुकदमा जांच में असत्य पाया जाता है तो परिवार के निर्दोष सदस्यों के नाम हटाए जाएंगे। पीड़ितों का आरोप है कि अब तक न तो अवैध कब्जे को लेकर कोई ठोस कार्रवाई की गई और न ही उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच हुई। इसी से नाराज होकर अयोध्या प्रसाद भारतीय ने पुनः अपने परिवार के साथ तालाब के गहरे पानी में उतरकर जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। रविवार को तीसरे दिन भी परिवार के सदस्य तिरंगा झंडा हाथ में लेकर तालाब के बीच खड़े रहे और न्याय की मांग करते रहे। मौके पर स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। गांव में इस मुद्दे को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।







