Home उत्तर प्रदेश मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर सर्वदलीय बैठक, 2 जुलाई तक मांगे गए...

मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर सर्वदलीय बैठक, 2 जुलाई तक मांगे गए सुझाव व आपत्तियां

FATEHPUR NEWS:  आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रैशनलाइजेशन) को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), अपना दल सहित सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने बैठक में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां आवश्यकतानुसार नए बूथों का सृजन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बूथों के समायोजन एवं नए बूथों के गठन से संबंधित सुझाव और आपत्तियां 2 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन 4 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके साथ ही उक्त सूची जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी, ताकि आमजन उसका अवलोकन कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु बनाने में सहयोग करने की अपील की।