Home उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी में जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों का समय बदला सोमवार...

भीषण गर्मी में जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों का समय बदला सोमवार से 7.30 बजे खुलेगा और 12 बजे होगा बंद

सभी बोर्ड के विद्यालयों के लिए है आदेश: बीएसए अनिल कुमार
PRAYAGRAJ NEWS: जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर सोमवार 20 अप्रैल से पहली कक्षा से लेकर जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों के खुलने और बंद होने का समय अब बदल गया है। यह आदेश सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी एवं तापमान में अधिक वृद्धि होने और लू प्रकोप से बचने के लिए  जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डो के कक्षा एक से जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों का समय 20 अप्रैल से प्रातः 7.30 बजे से अपराह्न 12 बजे तक किया जाता है। बीएसए ने कहा कि उक्त आदेश का कडाई से पालन सभी विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्या और प्रभारी प्रधानाचार्यो को करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अगर किसी विद्यालय के खुलने और बंद होने के समय में अंतर मिलता है या विलंब तक विद्यालय के खुलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले एक हफ्ते से जिले में भीषण गर्मी और लू चल रही है जिससे बच्चों को ज्यादा परेशानी हो रही है क्योंकि विद्यालय सुबह आठ बजे खुलकर दोपहर दो बजे बंद हो रहे थे। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार ने जूनियर हाईस्कूल तक के विद्यालयों के खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन किया है। भीषण गर्मी और लू में बच्चों को अब राहत मिलेगी।