Home उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी एवं संभावित पेयजल संकट को लेकर प्रशासन सतर्क

भीषण गर्मी एवं संभावित पेयजल संकट को लेकर प्रशासन सतर्क

सरकारी हैंडपंपों में लगे सबमर्सिबल हटाने के निर्देश, अवैध स्थापना पर होगी कार्रवाई

BHADOHI NEWS: शासन एवं डीएम शैलेश कुमार के निर्देश पर भीषण गर्मी एवं संभावित पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए सीडीओ बालगोविंद शुक्ल ने जनपद के समस्त बीडीओ के साथ विकास भवन में शुक्रवार को बैठक कर पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकासखंड क्षेत्रों में स्थापित समस्त सरकारी हैंडपंपों का तत्काल सत्यापन कराएं। जिन सरकारी हैंडपंपों में सबमर्सिबल पंप लगाए गए हैं, उन्हें तत्काल हटाने तथा निजी व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से लगाए गए सबमर्सिबल के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी हैंडपंपों में सबमर्सिबल लगाए जाने से भूजल का अत्यधिक दोहन होता है, जिससे आसपास के अन्य हैंडपंपों में जल उपलब्धता प्रभावित होती है तथा आमजन को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। सीडीओ ने कहा कि कुछ स्थानों पर निजी व्यक्तियों द्वारा लगाए गए सबमर्सिबल के कारण अन्य लोगों को पानी भरने में असुविधा होती है अथवा उन्हें पानी लेने से रोका जाता है, जो पूर्णतः अनुचित एवं अवैध है। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में सरकारी हैंडपंपों में लगे सबमर्सिबल की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराएं। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित कर लोगों को सरकारी जल स्रोतों के संरक्षण एवं सामुदायिक उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए।