बूथ अध्यक्ष सेनापति, कार्यकर्ता हमारे सैनिक: प्रकाश पाल
FATEHPUR NEWS: जेल रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बुधवार को जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ आगामी जिला प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हाल के चुनावों में पार्टी की जीत पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन के सेनापति होते हैं और समिति के सदस्य सैनिक के रूप में लोकतांत्रिक व्यवस्था में संगठन को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति से जुड़े मुद्दों का विरोध करने वाले राजनीतिक दल जनता से दूर हो रहे हैं और आने वाले समय में इसका असर चुनावों में दिखाई देगा। कार्यक्रम में प्रशिक्षण महाअभियान की वर्ग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह ने आगामी प्रशिक्षण वर्ग के विषयों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। वहीं जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय ने संगठनात्मक संरचना को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने प्रस्तावना रखते हुए जिले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया तथा संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी, जिसे कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन दिया। बैठक में विधायक कृष्णा पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





