Home उत्तर प्रदेश भव्य तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम के उद्घोष से गूंजा शहर

भव्य तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम के उद्घोष से गूंजा शहर

प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा

जनप्रतिनिधियों व आमजन ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
FATEHPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पटेल नगर चौराहा से शुरू हुई यात्रा ठाकुर दरियाव सिंह स्मारक, ज्वालागंज पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों के सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए गए। साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया। तिरंगा यात्रा में जिले के प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने नेतृत्व किया। यात्रा में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल कार्यकर्ताओं, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते कार्यकर्ताओं और नागरिकों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि भाजपा विचार आधारित राजनीतिक दल है, जिसके विचारों में राष्ट्र प्रथम और पार्टी द्वितीय की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता राष्ट्र प्रथम की उत्कृष्ट भावना को प्रमाणित करती है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने यात्रा में शामिल सभी लोगों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। यात्रा में विधायक राजेंद्र पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री रणवेंन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल व विक्रम सिंह समेत पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, प्रभुदत्त दीक्षित, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों का किया सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल और जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कल्याणपुर पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानी स्व. विश्वनाथ खन्ना के आवास पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उनके परिवार के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, अपर्णा सिंह, पंकज त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, सुधा मौर्या, सुशांत श्रीवास्तव, अरुण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सरदार पटेल को नमन कर शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। यात्रा के समापन पर अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तिरंगा यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से फल, बिस्किट, शरबत और पानी के जलपान स्टॉल लगाए गए। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा में शामिल राष्ट्रभक्तों का स्वागत किया गया। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत नजर आया।