Home उत्तर प्रदेश तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे किसान, बाइक तिरंगा यात्रा में दिखा...

तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरे किसान, बाइक तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश

18 किलोमीटर तक गूंजे भारत माता के जयकारे, बड़ी संख्या में किसानों ने लिया हिस्सा
भाकियू (टिकैत) ने सड़कों पर दिखाई देशभक्ति, एकता और सद्भाव का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की ओर से गुरुवार को प्रेमनगर में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। दावतपुर मोड़ से सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर बाइक से शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। भाकियू युवा जिलाध्यक्ष विवेक यादव एवं उपाध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में निकली बाइक तिरंगा यात्रा दावतपुर मोड़ से भादर रोड होते हुए करीब 18 किलोमीटर का सफर तय कर खागा तहसील परिसर पहुंची। कतारबद्ध बाइकों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा में शामिल किसानों ने ‘भारत माता की जय’, ‘धरती माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया। किसानों और कार्यकर्ताओं में देश के प्रति उत्साह और जोश साफ नजर आया। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत भी किया। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान तहसील संरक्षक एवं पूर्व प्रधान रनमन सिंह यादव, युवा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक मौर्य, ग्राम प्रधान संजीत यादव समेत किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।