Home उत्तर प्रदेश भदोही पुलिस ने चलाया मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा,...

भदोही पुलिस ने चलाया मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान के प्रति किया जागरूक’

BHADOHI NEWS: भदोही पुलिस ने उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिस कर्मियों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930, एम्बुलेंस सेवा-108 और सीएम हेल्पलाइन-1076 जैसे आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। जागरूकता बढ़ाने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए। भदोही पुलिस ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए यह जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।