मायके पक्ष ने पति समेत चार पर हत्या और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
PRAYAGRAJ NEWS: क्षेत्र के बीकर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसके पति को जेल भेज दिया महिला का शव शनिवार को घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला था। मृतका की पहचान काजल यादव के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष ने घटना के दिन बताया था कि टेबल फैन की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद काजल ने आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी दो वर्षीय बेटी काव्या शव के पास रोती मिली थी। रविवार को मृतका के भाई राम लखन यादव ने घूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि 6 जून2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे काजल के पति पंचू यादव, जेठ, ससुर रामराज और जेठानी विमला ने दहेजके लिए उसे प्रताड़ित किया। मारपीट के बाद उसे फंदे से लटकाकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 217/2026 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 80 (2), 85 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3, 4 लगाई गई हैं। मृतका की मां पुष्पा, बहन गीता देवी और रानी यादव ने घूरपुर थाने पहुंचकर बताया कि शादी के कुछ महीने बाद से ही काजल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि एक बार पहले भी थाने में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद पंचायत में समझौता हो गया था। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत केआधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि पति को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।







