Home उत्तर प्रदेश बिजली व्यवस्था पर सख्त हुए सदर विधायक, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के...

बिजली व्यवस्था पर सख्त हुए सदर विधायक, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

सदर विधायक रवि शर्मा बोले- शिकायतों का तत्काल हो निस्तारण
JHANSI NEWS:  गर्मी के मौसम में नगर क्षेत्र में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर मंडलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता एवं सदर विधायक श्री रवि शर्मा की उपस्थिति में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सदर विधायक रवि शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्युत उपकेंद्र पर संबंधित अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से अंकित किए जाएं, ताकि आम नागरिक सीधे संपर्क कर सकें। साथ ही ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों की बिजली लाइनों को अलग-अलग किए जाने पर भी जोर दिया गया, जिससे आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारु हो सके। विधायक ने तेज आंधी और बारिश के दौरान बाधित होने वाली विद्युत आपूर्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि विद्युत तारों के आसपास लगे पेड़ों की समय पर छंटाई और अनुरक्षण कराया जाए। इसके अलावा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को तत्काल बदलने तथा मरम्मत योग्य पोलों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित विद्युत समस्याओं को भी विभाग गंभीरता से लेते हुए तत्काल निस्तारित करे। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी जनप्रतिनिधियों को नियमित रूप से दी जाए। बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत के.पी. खान ने विभाग द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के नगरीय क्षेत्र में 16 विद्युत उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। जेल चौराहा उपकेंद्र पर अतिरिक्त 33 एमवीए ट्रांसफार्मर को 3 मई 2026 को ऊर्जीकृत किया जा चुका है। वहीं हंसारी डबल सर्किट लाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे मई माह के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि गल्ला मंडी क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए बरुआसागर ग्रामीण उपकेंद्र को अलग किया जाएगा, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी। नंदनपुरा क्षेत्र के लिए अठौंदना उपकेंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है और इसे एक सप्ताह के भीतर चालू कर दिया जाएगा। मेडिकल क्षेत्र में ट्रांसफार्मर क्षमता 30 एमवीए से बढ़ाकर 40 एमवीए की जा रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। मुख्य अभियंता ने बताया कि ओवरलोडिंग की समस्या से निपटने के लिए पिछले वर्षों में कई नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में 131 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने की योजना है। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में नए 132 केवी विद्युत पारेषण उपकेंद्र की स्थापना को भी शासन स्तर से मंजूरी मिल चुकी है। बैठक में अधीक्षण अभियंता पुष्कर सिंह, अधिशाषी अभियंता रविंद्र कुमार, मनोज कुमार, अनमोल डोंगरे सहित विद्युत विभाग के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।