JHANSI NEWS: बबीना विधानसभा क्षेत्र की जनता को सरकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाने के उद्देश्य से विधायक राजीव सिंह पारीछा ने लक्ष्मीगेट बाहर स्थित अपने मुख्य कार्यालय में अत्याधुनिक “जन-सहयोग केंद्र” की शुरुआत की है। इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्रवासियों को आय, जाति, निवास, राशन कार्ड, पेंशन, आधार एवं अन्य सरकारी दस्तावेजों के निर्माण व संशोधन संबंधी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण और जनता दर्शन कार्यक्रमों के दौरान उन्हें यह महसूस हुआ कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी प्रक्रियाओं की जानकारी के अभाव में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और दलालों के माध्यम से आर्थिक शोषण का भी सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए जन-सहयोग केंद्र की स्थापना की गई है। केंद्र पर प्रशिक्षित सहयोगियों की टीम लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है। विधायक ने कहा कि जनसेवा ही उनका संकल्प है और जनता की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बड़ागांव ब्लॉक के बुजुर्ग ग्रामीण एवं सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर शरण ने कहा कि पहले लोगों को यह जानकारी नहीं होती थी कि दस्तावेजों के लिए कहां जाना है और कौन-कौन से कागजात लगाने हैं। ऐसे में लोग परेशान होते थे, लेकिन अब एक ही स्थान पर सही मार्गदर्शन मिल सकेगा। वहीं युवा सामाजिक कार्यकर्ता संजय राजपूत ने विधायक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम सच्चे जनसेवक की पहचान है। जन-सहयोग केंद्र खुलने से हजारों परिवारों की भागदौड़, समय और धन की बचत होगी। क्षेत्र की जनता ने विधायक राजीव सिंह पारीछा की इस जनहितैषी पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत बताया है।







