SIDHARTHNAGAR NEWS: (ओजै़र खान) बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित मंदिर में स्थापित शिवलिंग को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने और मूर्ति गायब होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो गर्भगृह में शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिला और माता पार्वती की मूर्ति नदारद थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और ढेबरुआ पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक की ओर से सूचना मिलने के बाद ढेबरुआ थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, रेलवे प्रशासन से औपचारिक तहरीर (मेमो) मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील रेलवे परिसर में इस तरह की घटना से स्थानीय नागरिकों में रोष है। लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी के बावजूद यह घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरों के अभाव को भी सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। मामले को लेकर बढ़नी नगर पंचायत चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने ढेबरुआ पुलिस और जीआरपी को संयुक्त शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने आशंका जताई है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर माहौल खराब करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से इस कृत्य को अंजाम दिया गया है। चेयरमैन ने मामले की निष्पक्ष व गहन जांच कराकर अज्ञात आरोपियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ा रही है।
Home उत्तर प्रदेश बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त, मूर्ति गायब; जांच...







