लाईन में लगकर आम श्रद्धालु बन मां विंध्यवासिनी के किए दर्शन-पूजन
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) वर्षों बाद मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी एवं वर्तमान में राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश में विशेष सचिव IAS दिव्या मित्तल तीन दिवसीय शासकीय दौरे पर मिर्जापुर पहुंचीं।दौरे के प्रथम दिन उन्होंने आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। वह जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करेंगी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगी।जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल लोगों की समस्याओं के समाधान और अपनी कार्यशैली को लेकर काफी चर्चित रही थीं। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। मंदिर से पक्का घाट तक उनके दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में दिव्या मित्तल ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में कदम रखते ही अलग ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने विंध्य कॉरिडोर के नव-निर्मित स्वरूप की सराहना की और कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इसके बाद वह पक्का घाट पहुंचीं और मां गंगा का स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने उस कल्पवृक्ष का भी अवलोकन किया जिसे उन्होंने अपने कार्यकाल में लगवाया था। पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि यह उनके स्थानांतरण के बाद मीरजापुर आगमन का पहला अवसर है। वह वर्तमान में राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मीरजापुर के नए कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने कार्यकाल के दौरान विंध्य महोत्सव और मां गंगा महोत्सव के आयोजन को याद किया। उन्होंने कहा कि मीरजापुर की जनता ने उन्हें हमेशा सम्मान और प्रेम दिया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी से मीरजापुर, विंध्याचल और श्रद्धालुओं के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।







