कच्छा-बनियान गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल
JHANSI NEWS: नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित अशोक सनफ्रांस सिटी में हाल ही में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले कच्छा-बनियान गिरोह के एक सदस्य से देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के औजार, नकदी और बाइक बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस देर रात गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक सनफ्रांस सिटी में चोरी की नीयत से घुसा बदमाश मुस्तरा स्टेशन रोड की ओर बाइक से जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरमान उर्फ बाला उर्फ राज, निवासी पाल कॉलोनी बताया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, हथौड़ा, पेचकस, चोरी में प्रयुक्त अन्य औजार, करीब 700 रुपये नकद तथा एक बाइक बरामद की गई। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि अशोक सनफ्रांस सिटी के अध्यक्ष विनय उपाध्याय ने कुछ दिन पूर्व नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से कॉलोनी में घुस आए थे। सुरक्षा गार्ड द्वारा रोकने पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी और शोर-शराबा होने पर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे, जिसके क्रम में यह कार्रवाई की गई।







