Home उत्तर प्रदेश पीएम मोदी ने हर क्षेत्र में अद्भुत अविश्वसनीय अकल्पनीय कार्य किए: राजभूषण...

पीएम मोदी ने हर क्षेत्र में अद्भुत अविश्वसनीय अकल्पनीय कार्य किए: राजभूषण चौधरी

गंगा की अविरलता के लिए सरकार प्रतिबद्ध: राजभूषण चौधरी

जिला पंचायत सभागार में किया गया विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन
PRAYAGRAJ NEWS: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को जिला पंचायत सभागार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल केंद्रीय जलशक्ती राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने कहा कि भाजपा का निर्माण सिर्फ सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना को लेकर सेवा करने के लिए हुआ। पीएम मोदी ने हर सेक्टर में अद्भुत अविश्वसनीय अकल्पनीय कार्य किए हैं। अटल जी की सरकार में जब स्वर्णिम चतुर्भुज योजना शुरू हुई थी तो विपक्ष ने मजाक उड़ाया था लेकिन आज देश में राष्ट्रीय राजमार्गों एक्सप्रेस वे का जाल बिछा है। आज दुनिया की चौथी अर्थ व्यवस्था हैं। पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, शौचालय योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना जैसे विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। स्वास्थ्य शिक्षा इंफ्रा स्ट्रक्चर रक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए। आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। 8900 किलोमीटर सड़क बॉर्डर एरिया में बनाया गया है। डिजिटल तकनीकी पर पीएम मोदी का पूरा फोकस है जिससे किसानों को भी पूरी मदद मिल रही है। जन धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक एकाउंट खोले गये। केंद्र सरकार पूरी पारदर्शिता से काम कर रही है। गरीबों की चिंता यदि किसी ने की वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। 12 करोड़ शौचालय बनाए गये। रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में सारे असंभव कार्य पूरे हुए। बंगाल की जनता ने विकास को चुना। आज बंगाल से घुसपैठिए बाहर जा रहे हैं। 2027 में यूपी में इसी विकास को जनता फिर से चुनेगी। इससे पहले केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने बालसन चौराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति की सफाई व वृक्षारोपण करते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजगता का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित दस स्वच्छता कर्मियों को अंगवस्त्र पहनाकर व फल देकर उन्हें सम्मानित भी किया गया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री प्रगति पथ यात्रा कार्यक्रम के तहत दारागंज स्थित ऐतिहासिक धार्मिक प्राचीन दशाश्वमेध घाट पहुंचे जहां उन्होंने महाकुंभ 2025 के दौरान किये सौन्दर्यीकरण को देखा और घाट पर गंगा जी का आचमन किया। घाट से अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति तक पद यात्रा भी की गई जहां पुण्य श्लोका (अहिल्याबाई होल्कर) की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद प्रगति पथ यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान मीडिया से औपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गंगा की अविरलता के लिए प्रतिबद्ध है और इसीलिए जलशक्ति मंत्रालय की ओर से नमामि गंगे परियोजना शुरू की गई जिसका इम्पैक्ट (प्रभाव) आज दिख भी रहा है। नमामि गंगे के तहत लगातार काम किया जा रहा है। नदियों की सफाई के लिए सरकार की ओर से कई कार्य किये गये हैं। डॉल्फ़िन, मगरमच्छ व मछलियों की संख्या बढ़ी है जो दर्शाता है कि गंगा जी के जल की गुणवत्ता सुधरी है। अलग अलग जांचों में भी ये बात सामने आई है कि गंगा जी का जल साफ हुआ है। गंगा जी का पानी अविरल है। नालों को बंद कर उनका शोधन किया जा रहा है। 12 वर्षों में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। जल संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता आई है। इस दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री ने किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम  महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी व आभार ज्ञापन महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के संयोजक अनुज कुशवाहा व सह संयोजक विक्रम भदौरिया रहे। इससे पहले महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री को अंग वस्त्र पहनाकर व पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत अभिनंदन किया। शशि वाष्र्णेय, कुंज बिहारी मिश्रा, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, महापौर गणेश केशरवानी, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, प्रमोद मोदी, रमेश पासी, राजेंद्र मिश्र, रविंद्र मिश्रा,बृजेश गुप्ता पार्षद नीरज गुप्ता,अनूप कुमार मनोज कुशवाहा, अनामिका चौधरी, विनोद प्रजापति, कमलेश गौतम, डॉ शैलेश पांडेय, विजय श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, दीप द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
प्रबुद्ध लोगों को सम्मानित कर किया संवाद
विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में सम्मिलित होने प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी ने विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत समाज के प्रबुद्ध लोगों के आवास जाकर उन्हें सम्मानित कर उनसे संवाद किया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ जीएल गुप्ता,  एक्यूप्रेशर शोध प्रशिक्षण एवं उपचार संस्थान प्रयागराज के डायरेक्टर जेपी अग्रवाल  को उनके आवास पर सम्मानित किया गया।