JAUNPUR NEWS: विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर मैग्ज वेलफेयर फाउंडेशन, तिघरा-खुटहन द्वारा एस.एस.आर.एम. इंस्टीट्यूट परिसर में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। संस्था की ऑफिस इंचार्ज सुप्रिया सिंह ने कहा कि “पेड़ हैं तो जीवन है। वृक्ष हमें फल, फूल, छाया और लकड़ी प्रदान करते हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि हम अपने भविष्य को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना होगा।” फैकल्टी सदस्य दीपांजलि यादव ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत अपने घर और गांव से करनी चाहिए। मैं सभी छात्रों और नागरिकों से अपील करती हूं कि वे स्वयं पौधा लगाएं और कम से कम एक पड़ोसी को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करें। सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, अंत में कहा कि पर्यावरणीय घटक जितना मजबूत एवं सुन्दर होगा माननीय जीवन उतना ही खुशहाल होगा । 3 R ( Reduce, Reuse, Recycle) जैसे प्रमुख सिद्धान्तों पर जोर देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे प्राकृतिक सन्तुलन ज्यादा समय तक बना रहेगा ।”
कार्यक्रम में फैकल्टी राम नारायण पाल, वंदना पाल, फातिमा एवं राजनाथ यादव ने अपने साथ-साथ पड़ोसियों के घर भी पौधे लगाने का संकल्प लिया। संस्था के निदेशक सैयद मोहसिन रजा ने सभी उपस्थित लोगों को अपने संकल्पों को पूरा करने की शपथ दिलाई। कहा कि बढ़ता वायु एवं ध्वनि प्रदूषण, वाहनों का धुआं, एयर कंडीशनरों का बढ़ता उपयोग तथा पराली जलाने जैसी समस्याएं पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। इस अवसर पर मुस्कान, निशा, रहनुमा, स्वाति, जूही, अनीशा, सीमा, विशाल, रीतीष, ऑन मोहम्मद, सुभाष, प्रियंका पाल, गरिमा सिंह, श्वेता, अंजलि, ममता यादव, अमृता, शिवांगी, विकास यादव, मोहम्मद अशरफ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







