Home उत्तर प्रदेश पत्नी से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया...

पत्नी से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया आरोपप्रातःकाल

PRAYAGRAJ NEWS: थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरारी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोरारी गांव निवासी सुग्रीव बिंद पुत्र राजेश बिंद की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व बारा थाना क्षेत्र के असरवई गांव निवासी कविता पुत्री मूलचंद के साथ हुई थी। दंपती का एक वर्ष का पुत्र गोलू भी है। परिवार के लोगों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और आए दिन कहासुनी होती रहती थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर सुग्रीव और उसकी पत्नी कविता के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कविता ने अपने मायके वालों को सूचना दी। इसके बाद उसका भाई और पिता कोरारी गांव पहुंचे और कविता को अपने साथ मायके लेकर चले गए। परिजनों का कहना है कि शनिवार सुबह कविता के पिता मूलचंद और अन्य रिश्तेदार दोबारा सुग्रीव के घर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। काफी देर तक समझौते की कोशिश चलती रही, लेकिन बात नहीं बन सकी। आरोप है कि पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद कविता के पिता और भाई उसे लेकर वापस असरवई गांव चले गए। इधर कुछ समय बाद गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सुग्रीव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हो गए। गांव में देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन शव को लेकर थाना बारा पहुंचे और मामले में न्याय की मांग करने लगे। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और जेसीबी चालक का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। परिजनों ने मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। थाना प्रभारी बारा संजय कुमार राय ने बताया कि युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिवार की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी।