KUSHINAGAR NEWS: पडरौना ब्लॉक के ग्राम पंचायत जंगल बनबीरपुर में लाखों रुपये की लागत से गांव से नहर तक बन रही नाली के निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं। निर्माण कार्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप: शुरुआती दौर में ही टूटने लगी नाली ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी कर बेहद घटिया गुणवत्ता की ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। आरोप है कि नाली कई स्थानों पर बनते ही क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी धन से हो रहे इस विकास कार्य में खुलेआम गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
खराब गुणवत्ता की ईंटों से निर्माण कराए जाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। BDO बोले- मामला संज्ञान में नहीं था, जांच कराएंगे मामले पर खंड विकास अधिकारी पडरौना कमलेश राय ने कहा कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं था। शिकायत मिलने के बाद तत्काल जांच कराई जाएगी। मौके पर अधिकारियों को भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच होगी।
CDO ने दिए जांच के निर्देश
वहीं मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में घटिया सामग्री के प्रयोग या किसी भी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।







