स्व. रानी रेवती देवी की जमीन-भवन पर अवैध कब्जे का आरोप, डीएम से सत्यापन की गुहार
KUSHINAGAR NEWS: स्व. रानी रेवती देवी पडरौना राज के हिस्से की करोड़ों रुपये की आवासीय, व्यवसायिक और बाग की जमीन पर भू-माफियाओं और किरायेदारों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि पडरौना और खड्डा नगर में स्थित उक्त संपत्तियों का इंतजाम रिसीवर पडरौना राज पदेन डीजीसी (सिविल) सिविल कोर्ट कुशीनगर द्वारा किरायेदारी पर देकर सीधे तौर पर किया जाता रहा है। आरोप है कि वर्तमान में नगरीय व गैर जमींदारी विनाश क्षेत्र की इन अचल संपत्तियों पर किरायेदारों व भू-माफियाओं ने पूरी तरह कब्जा कर लिया है। किरायेदारों से रिसीवर कार्यालय को मिलने वाले किराये का भी कोई हिसाब-किताब नहीं है और न ही इससे जुड़े रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्व. रानी रेवती देवी की उन सभी अचल संपत्तियों का जो सीधे तौर पर रिसीवर पडरौना राज के जेरे इंतजाम थीं, उनका भौतिक व स्थलीय सत्यापन कराकर अवैध कब्जा व अतिक्रमण हटवाया जाए। साथ ही किरायेदारों का वास्तविक परीक्षण कर अब तक प्राप्त आय की जांच कराई जाए।







