SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में नगर निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष, पार्क, डिजिटल लाइब्रेरी तथा ओपन जिम जैसे कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। वंदन योजना के अंतर्गत अवस्थापना सुविधाओं के लिए स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराते हुए निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगरीय झील, तालाब एवं पोखरा संरक्षण योजना के तहत सौंदर्यीकरण कार्यों को वर्षा ऋतु से पूर्व हर हाल में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सीवरेज एवं जल निकासी से संबंधित नाला निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर बारिश से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में एलबीसी पुरुषोत्तम लाल श्रीवास्तव सहित समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।







