BHADOHI NEWS: सुरियावा थाना क्षेत्र के सदौपुर गांव निवासी धीरज शुक्ला की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक धीरज शुक्ला 8 जुलाई को घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे थे। उनका शव 9 जुलाई को दानुपुर पूरब पट्टी स्थित डोलहरिया तालाब में बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस हत्याकांड का खुलासा किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धीरज की हत्या पुराने विवाद के शक में की गई थी। इस मामले में दानुपुर पूरब पट्टी निवासी सभाजीत बिन्द और सुरेंद्र बिन्द को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त सुरेंद्र बिन्द ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के नाम से बेलवरिया तालाब का पट्टा है, जहाँ वे मछली पालन और तालाब की देखरेख करते हैं। उसका मित्र सभाजीत बिन्द भी अक्सर उसके साथ रहता था। 8 जुलाई की शाम को उन्होंने तालाब के किनारे दो व्यक्तियों को शराब पीते देखा। उन्हें शक हुआ कि ये वही लोग हैं जिन्होंने लगभग सात-आठ माह पूर्व तालाब में जहर डाल दिया था, जिससे करीब 7-8 क्विंटल मछलियां मर गई थीं। इसी शंका में दोनों अभियुक्त उन व्यक्तियों के पास गए और उन्हें डांट-डपट कर भगाने लगे। तभी एक व्यक्ति, जिसकी पहचान धीरज शुक्ला के रूप में हुई, गाली-गलौज करने लगा। इस पर अभियुक्त सभाजीत बिन्द ने मौके पर मड़ई के पास पड़ी पुरानी बल्ली का पतला हिस्सा तोड़कर धीरज शुक्ला के सिर पर दो-तीन बार वार किए, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। सुरेंद्र बिन्द ने दूसरे व्यक्ति को दो-तीन थप्पड़ मारकर वहाँ से भगा दिया। धीरज के सिर से बहते खून को दोनों ने उसकी टी-शर्ट से साफ किया। उन्हें लगा कि धीरज की मृत्यु हो गई है, और पकड़े जाने के डर से दोनों ने मिलकर उसके शव को तालाब में फेंक दिया। घटना में प्रयुक्त बल्ली का टुकड़ा ट्यूबवेल के पास फेंक दिया गया था। अभियुक्तों द्वारा बताए गए स्थान से बल्ली का टुकड़ा और धीरज की टी-शर्ट बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
टीम – 1 प्रभारी निरीक्षक श्री अश्विनी त्रिपाठी, हे0कां0 प्रमोद तिवारी, कां0 अहम सिंह, कां0 आशीष शुक्ला, कां0 चंदन कुमार, रि0कां0 सचिन कुमार, म0रि0आ0 आरती, चालक हे0कां0 हैदर अली, थाना सुरियावां। टीम – 2 उ0नि0 राजकुमार पाण्डेय प्रभारी स्वाटध्सर्विलांस सेल, हे0कां0 राधेश्याम कुशवाहा, हे0कां0 धीरेन्द्र श्रीवास्तव, हे0कां0 बृजेश सूर्यवंशी,हे0कां0 नागेन्द्र यादव, कां0 गोपाल खरवार, कां0 नीरज यादव, कां0 राघवेन्द्र कुशवाहा,कां0 मन्नू सिंह, कां0 सुनील पाल, कां0 सुनील कन्नौजिया,कां0 हिमांशु सिंह, कां0 दीपक यादव, कां0 प्रत्युष पाठक समस्त सर्विलांसध्स्वाट टीम।







