PRATAPGARH NEWS: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट व गालीगलौज तथा धमकी को लेकर सांगीपुर पुलिस ने पति समेत ससुरालीजनों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सांगीपुर थाना क्षेत्र के गारापुर निवासिनी जानवी पत्नी निखिल कोरी ने तहरीर देकर कहा है कि उसका मायका महेशगंज थाना के मालाधर छत्ता गांव मे है। ननिहाल लालगंज कोतवाली के सराय भागमानी में आते जाते उसका परिचय एक शादी समारोह में सांगीपुर के गारापुर निवासी निखिल कोरी पुत्र राधेश्याम कोरी से हो गया। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस बीच बीते वर्ष 2024 में पचीस सितम्बर को लालगंज निबन्धन कार्यालय में पति व उसके ससुरालीजन आये तथा विवाह का पंजीकरण कराया। इसके बाद पीड़िता को पता चला कि उसके पति का चाल चलन ठीक नही है। शिकायत करने पर पति व ससुरालीजनों द्वारा पांच लाख दहेज की मांग की गयी। इसे लेकर पीड़िता को बीती छब्बीस जून को शाम आठ बजे मारापीटा गया। पीड़िता ने किसी तरह मायके मारपीट की सूचना भेजवायी। इस पर उसके मायके से माता पिता तथा भाई व अन्य लोग आये तब आरोप है कि ससुरालीजनों द्वारा इनके साथ भी गालीगलौज कर अभद्रता की गयी। आरोपियो द्वारा पुलिस में शिकायत करने पर जानलेवा धमकी भी दी गयी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने निखिल कोरी पुत्र राधेश्याम, शान्ती देवी पत्नी राधेश्याम, राधेश्याम, सानू, नितिन पुत्रगण राधेश्याम व कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट व गालीगलौज तथा धमकी का केस दर्ज किया है।







