FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को राधानगर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग दोनों की संयुक्त कार्रवाई अपेक्षित हो, उनमें दोनों विभागों की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे और निर्धारित समय सीमा में प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे विवादों का समय रहते समाधान किया जाना आवश्यक है, क्योंकि समय पर कार्रवाई न होने पर ऐसे मामले बड़े विवाद का रूप ले सकते हैं। इसलिए सभी अधिकारी प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण करें। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच के आधार पर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके। थाना समाधान दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







