Home उत्तर प्रदेश वृक्षारोपण अभियान और डीएलपी पर भाजपा का जोर, मंडल अध्यक्षों व प्रभारियों...

वृक्षारोपण अभियान और डीएलपी पर भाजपा का जोर, मंडल अध्यक्षों व प्रभारियों को दिए गए निर्देश

FATEHPUR NEWS: भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में वृक्षारोपण अभियान को गति देने के साथ-साथ प्रत्येक बूथ पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बिंदकी नगर में आयोजित बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने जहानाबाद एवं बिंदकी विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम को बूथ समितियों तक पहुंचाने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर प्रवास किया जाए तथा संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ एवं शक्ति केंद्र पर सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाया जाए। खागा विधानसभा क्षेत्र की बैठक खागा नगर में तथा हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र की बैठक हुसेनगंज में आयोजित हुई। इन दोनों बैठकों की अध्यक्षता जिला महामंत्री पुष्पराज पटेल ने की। वहीं अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र की बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी ने तथा सदर विधानसभा क्षेत्र की बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री सुशीला मौर्या ने की। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों की बैठकों में वृक्षारोपण अभियान, डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) तथा अन्य संगठनात्मक अभियानों को गति देने के लिए बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर प्रवास की विस्तृत योजना तैयार की गई है। इसके तहत जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों एवं वरिष्ठ नेताओं की प्रवास तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बूथों और शक्ति केंद्रों पर प्रवास कर संगठन के संकल्पों को दोहराएंगे तथा पार्टी के निर्देशानुसार सभी अभियानों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।