Home उत्तर प्रदेश व्यापारी संवाद कार्यक्रम में राज्यकर विभाग ने व्यापारियों को किया जागरूक, सुझावों...

व्यापारी संवाद कार्यक्रम में राज्यकर विभाग ने व्यापारियों को किया जागरूक, सुझावों पर हुई चर्चा

FATEHPUR NEWS: व्यापारी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार की अध्यक्षता में उद्योग व्यापार मंडल की ट्रेड इकाई इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यकर विभाग से जुड़े व्यापारियों को कर संबंधी विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई तथा व्यापार और राज्यकर के दायरे को बढ़ाने के लिए सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार ने कहा कि सभी व्यापारियों को राज्यकर विभाग से जुड़कर अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का नियमित कर भुगतान देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। विभाग व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है। उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि राज्यकर विभाग से पंजीकृत व्यापारी समय-समय पर अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें उद्योग व्यापार मंडल के समक्ष भी रखें, ताकि संगठन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उनकी बात रखकर समाधान का प्रयास कर सके। बैठक में संगठन की ओर से राज्यकर विभाग में पंजीकृत व्यापारियों के लिए 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा तथा पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद अंजुम, संरक्षक राजेंद्र गुप्ता, व्यापारी अविनाश तिवारी, पंकज दीक्षित, अंकित ओमर सहित अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।