VARANASI NEWS: ऑल आउट बनाने वाली कंपनी ब्रिलॉन कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने वाराणसी में अपनी सामाजिक पहल ‘साथ लड़ेंगे डेंगू से’ की पहली वर्षगांठ मनाई। इस अवसर पर कंपनी ने एक इम्पैक्ट रिपोर्ट जारी कर डेंगू के प्रति जागरूकता, स्वच्छता अभियान और सामुदायिक सहभागिता के सकारात्मक परिणामों को साझा किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रिलॉन कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रतनजीत दास ने कहा कि डेंगू से बचाव की शुरुआत जागरूकता और रोजमर्रा की सावधानियों से होती है। उन्होंने कहा कि पंडितपुर गांव ने यह साबित किया है कि जब परिवार, बच्चे, महिलाएं, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय प्रतिनिधि मिलकर कार्य करते हैं तो डेंगू जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिलकुमार जे. नायक ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए केवल चिकित्सा उपचार ही नहीं, बल्कि नियमित रोकथाम के उपाय भी आवश्यक हैं। लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थलों, बीमारी के लक्षणों और बचाव के तरीकों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। वाराणसी के जिला मलेरिया अधिकारी एस.सी. पांडे ने कहा कि पंडितपुर की उपलब्धि सार्वजनिक स्वास्थ्य में जनभागीदारी की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने ऑल आउट, आईएमए और सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की। इम्पैक्ट रिपोर्ट के अनुसार, पंडितपुर में डेंगू और मलेरिया के प्रति जागरूकता 97 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि 90 प्रतिशत से अधिक परिवार प्रतिदिन जमा पानी बदलने लगे हैं। लोगों में तेज बुखार और सिरदर्द जैसे डेंगू के लक्षणों की पहचान तथा बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूकता बढ़ी है। कार्यक्रम में बच्चों ने ‘दबंग डेंगू जासूस’ बनकर घर-घर डेंगू सुरक्षा जांच अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव का संदेश दिया। इसके अलावा अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने आदर्श किचन गार्डन, माता मंदिर परिसर और पुनर्जीवित तालाब जैसी विकास परियोजनाओं का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में कंपनी ने डेंगू मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए चिकित्सा, प्रशासनिक और सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।







