Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ः हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों का...

जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ः हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मामलों का शातिर बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार

JAUNPUR NEWS: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बुधवार देर रात थाना सरायख्वाजा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास हुई इस मुठभेड़ में हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मुकदमों में वांछित एक शातिर अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोइरिडीहा की तरफ से एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर नहर पटरी की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद बदमाश पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। फायरिंग थमने के बाद जब पुलिस आगे बढ़ी तो एक बदमाश घायल अवस्था में पड़ा मिला, जबकि दूसरा अंधेरे में फरार हो चुका था। घायल की पहचान कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव निवासी छबिलेपुर, थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर वारदातों को अंजाम देता है तथा अपराध से अर्जित धन से खर्च चलाता है। पुलिस फरार साथी विकास की तलाश में दबिश दे रही है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कृष्णा यादव पर हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अपराधी माना जाता है।