जिलाधिकारी ने कार्य लम्बित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज कार्यालय कक्ष में नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों एवं डूंडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद भरवारी में निर्माण कार्य लम्बित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अधिकारी को आगामी बैठक तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिशासी अधिकारी दारा नगर एवं चरवा को भी मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के सभी लम्बित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर को नगर निकायों के निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों में बाउण्ड्रीवाल, शौचालय एवं टाईलीकरण आदि कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाय। नगर निकायों में साफ-सफाई के कार्यों की मॉनिटरिंग किया जाय।जिलाधिकारी ने 15वॉ वित्त आयोग, वंदन योजना, नगरोदय योजना तथा सीवरेज व जल निकासी योजना के अन्तर्गत निकाय वार कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराई जाय। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण करने एवं मौके पर भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो गया है, उन परियोजनाओं को हैण्डओवर भी करा दिया जाए। बैठक में पश्चिम शरीरा, चायल एवं दारा नगर में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर निकाय पश्चिम शरीरा में पेयजल परियोजना का कार्य 31 अगस्त, 2026 तक पूर्ण करा लिया जाएगा। इसी प्रकार नगर निकाय चायल में पेयजल परियोजना का कार्य इस माह तक पूर्ण हो जाएगा तथा नगर निकाय दारा नगर में पेयजल परियोजना का कार्य 20 जून तक पूर्ण हो जाएगा। जिलाधिकारी ने डूडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत अधूरे आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करवाया जाय। बैठक में अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।







