FATEHPUR NEWS: थाना हथगाम क्षेत्र की रहने वाली सुनीता देवी न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गई हैं। सुनीता देवी पत्नी स्वर्गीय रामकेश, ग्राम टेनी परगना हथगाम तहसील खागा की निवासी हैं।
पीड़िता का आरोप है कि हाईवे रोड से ग्राम टेनी संपर्क मार्ग पर स्थित उनकी भूमिधारी जमीन (खाता संख्या-441, गाटा संख्या-24/0.324080) पर क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा संचालक मदन उर्फ राजकुमार केशरवानी ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुनीता देवी के अनुसार, 29 नवंबर 2023 को वह खागा तहसील में भी धरने पर बैठी थीं, जहां अधिकारियों ने जमीन खाली कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कब्जा नहीं दिलाया गया। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी 2024 को समन जारी हुआ और 18 जनवरी 2024 को राजस्व टीम ने आंशिक पैमाइश की, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष द्वारा उन्हें और उनके परिवार को धमकाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत के बावजूद थाना स्तर पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। सुनीता देवी ने प्रशासन से जमीन पर कब्जा दिलाने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







