सुइथाकला के उच्च प्राथमिक विद्यालय अशोकपुर कला से जितेंद्र सिंह तथा कम्पोजिट विद्यालय डीह अशरफाबाद से उदय कृष्ण चयनित
लखनऊ के इंदिरा नगर के रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल में 19 अप्रैल को आयोजित होगा सम्मान समारोह
JAUNPUR NEWS: राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को 19 को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए एक सम्मान समारोह लखनऊ के इंदिरा नगर अंतर्गत रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल में आयोजित किया जाएगा।सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र से उच्च प्राथमिक विद्यालय अशोकपुर कला के शिक्षक जितेंद्र सिंह तथा कम्पोजिट विद्यालय डीह अशरफाबाद के सहायक अध्यापक उदय कृष्ण यादव का चयन इस सम्मान के लिए हुआ है, जिससे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल एवं एबीएसए आनंद प्रकाश सिंह ने भी चयनित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद जौनपुर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से जनपद का गौरव पूरे प्रदेश में बढ़ा है और इससे सभी का मस्तक गर्व से ऊंचा हुआ है।इस उपलब्धि पर राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापक एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह तथा शिक्षक संघ के जिला मंत्री दुष्यंत मिश्रा ने दोनों शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया। इसके अलावा हृदय प्रसाद सिंह रानू, डॉ. रणजीत सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, डॉ. अजेय प्रताप सिंह, विनय त्रिपाठी, शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह, धर्मदेव शर्मा, अजय मिश्रा, डॉ. रणंजय सिंह, सुधाकर सिंह, पारसनाथ यादव और उमेश चंद्र यादव ने भी चयनित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







