दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना चाँदपुर क्षेत्र में देर रात चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों पर जिले के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, मदरी नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शशांक उर्फ रतन पटेल उर्फ गोलू (24), निवासी श्यामखेड़ा थाना कल्याणपुर, के दाहिने पैर तथा छोटेलाल उर्फ छोटू कोरी उर्फ रविशंकर (25), निवासी जरारा थाना बकेवर, के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से भागने का प्रयास कर रहे शैलेन्द्र उर्फ दीपू ठोकिया निवासी न्योरी जलालपुर थाना जहानाबाद, प्रियांशू कोरी उर्फ बजरंगी निवासी बहरौली थाना बिन्दकी तथा लवकुश निवासी मवईया थाना कल्याणपुर को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों द्वारा पुलिस पर जानलेवा हमला किए जाने के संबंध में थाना चाँदपुर में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार गैंग लंबे समय से जिले के चाँदपुर, जहानाबाद, बिन्दकी और बकेवर थाना क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है, जिसमें बिजली के केबल के तार, ट्यूबवेलों से चोरी किए गए मोटर और स्टार्टर, चोरी की मोटरसाइकिलें तथा थाना जहानाबाद क्षेत्र के एक मंदिर से चोरी की गई दान पेटिका और घंटे शामिल हैं। एसपी ने बताया कि गैंग के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।







