JHANSI NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ थाना झांसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बबीना थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपये मूल्य के 70 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार एएनटीएफ थाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा लेकर तस्कर झांसी क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बबीना थाना क्षेत्र स्थित विधान ट्रेडिंग कंपनी के पास घेराबंदी कर कार संख्या यूपी-80-जीएच-0577 को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग बोरियों में रखा हुआ 70 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम शिवकुमार निवासी सासनी, जनपद हाथरस तथा वेताली पुत्र रामबाबू निवासी मालपुरा, जनपद आगरा बताए। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करते थे। आगरा, हाथरस, मथुरा सहित प्रदेश के कई जिलों में उनका नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।







