Home उत्तर प्रदेश जनसंवाद में 32 माह पुरानी शिकायत का निस्तारण, लेखपालों की लापरवाही पर...

जनसंवाद में 32 माह पुरानी शिकायत का निस्तारण, लेखपालों की लापरवाही पर कार्रवाई

JHANSI NEWS: जिलाधिकारी गौरंग राठी ने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत वर्ष 2023 से लंबित एक शिकायत का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को बड़ी राहत दी। करीब 32 माह से लंबित मामले के समाधान के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। जनसंवाद के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मामला तहसील सदर के ग्राम पहलगुवां का है, जहां ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि सरकारी भूमि—आराजी संख्या 892 (खलिहान), 889 (नवीन परती), 885 एवं 886 (खाद गड्ढे)—पर प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। कब्जाधारियों ने गांव के सार्वजनिक रास्ते को भी बंद कर दिया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2023 से लगातार तहसील दिवस और उपजिलाधिकारी कार्यालय में शिकायतें देने के बावजूद क्षेत्रीय लेखपालों द्वारा भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती रही। कभी खेतों में फसल खड़ी होने तो कभी पानी भरा होने का हवाला देकर पैमाइश टाल दी गई। परिणामस्वरूप न तो भूमि की सही पैमाइश हो सकी और न ही अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई सुनवाई में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार सदर सहित शिकायतकर्ता भी उपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान एसडीएम सदर ने स्वीकार किया कि पूर्व एवं वर्तमान लेखपालों द्वारा प्रस्तुत भ्रामक रिपोर्टों के कारण मामले का निस्तारण नहीं हो सका। इस पर जिलाधिकारी गौरंग राठी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अवधि में तैनात सभी लेखपालों का वेतन बाधित करने तथा उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज होने के साथ-साथ प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा। जनसंवाद के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्याय) अरुण कुमार गौड़, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आकाश रंजन तथा वरिष्ठ सहायक शिवाकांत भी उपस्थित रहे।