Home उत्तर प्रदेश गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, छह लाख का माल बरामद

गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, छह लाख का माल बरामद

JHANSI NEWS: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झांसी ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। जीआरपी के अनुसार पुलिस महानिदेशक रेलवे एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 4 जुलाई 2026 को झांसी रेलवे स्टेशन स्थित वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) कार्यालय के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार यादव, तीरथ कुमार तथा आयुष तिवारी के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से बिहार एवं उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में नोएडा में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत थाना जीआरपी झांसी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जीआरपी झांसी थाना पुलिस एवं अनुभागीय क्यूआरटी टीम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।