Home उत्तर प्रदेश गर्मी में पेयजल संकट से राहत: जौनपुर में कंट्रोल रूम स्थापित, हैंडपंप...

गर्मी में पेयजल संकट से राहत: जौनपुर में कंट्रोल रूम स्थापित, हैंडपंप मरम्मत और रिबोरिंग अभियान तेज

JAUNPUR NEWS: भीषण गर्मी के बीच जनपदवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में खराब हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य अभियान चलाकर कराया जा रहा है। जिन हैंडपंपों की मरम्मत के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें अधिकांश को ठीक करा लिया गया है, जबकि शेष हैंडपंपों को भी जल्द दुरुस्त कराया जा रहा है। विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि हैंडपंप रिबोरिंग से संबंधित प्राप्त सभी आवेदनों पर युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शैलेंद्र विक्रम सिंह को इसका नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं रमेश कनौजिया (9838080984), राजेंद्र कुमार (9919731998) एवं विनोद मोदनवाल (9838747472) को शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार किसी भी ग्राम पंचायत में पेयजल संकट या हैंडपंप खराब होने की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभाग को अवगत कराकर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थलों एवं पंचायत भवनों पर आमजन के लिए नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की सूचना कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।