Home उत्तर प्रदेश छोटी जोत, बड़ी सोच: बृजेश कुमार पटेल बने प्रगतिशील खेती की मिसाल

छोटी जोत, बड़ी सोच: बृजेश कुमार पटेल बने प्रगतिशील खेती की मिसाल

JAUNPUR NEWS: विकास खंड जलालपुर के ग्राम आदत शाहपुर कलां निवासी किसान बृजेश कुमार पटेल ने आधुनिक खेती और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर यह साबित कर दिया है कि सफलता के लिए बड़ी जमीन नहीं, बल्कि सही सोच और बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता होती है। मात्र 0.506 हेक्टेयर कृषि भूमि के स्वामी बृजेश पहले परंपरागत धान और गेहूं की खेती करते थे, जिससे सीमित आय प्राप्त होती थी। खेती में बढ़ती लागत और कम मुनाफे के बीच उन्होंने उद्यान विभाग से संपर्क कर हाइटेक नर्सरी एवं उन्नत बीज वितरण योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा के मार्गदर्शन और विभागीय प्रशिक्षण से प्रेरित होकर उन्होंने भिंडी, कद्दू, टमाटर, करेला और बैंगन जैसी सब्जियों की वैज्ञानिक खेती शुरू की। भिंडी की खेती में आधुनिक तकनीकों का प्रयोग करते हुए उन्होंने मात्र 10 बिस्वा भूमि पर लगभग 8 हजार रुपये की लागत लगाई और 60 दिनों में करीब 60 हजार रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। वर्तमान फसल से उन्हें लगभग 20 हजार रुपये अतिरिक्त लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं अन्य सब्जी फसलों से भी करीब 20 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। बृजेश कुमार पटेल का कहना है कि विभागीय योजनाओं, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकों का सही उपयोग कर किसान कम भूमि से भी बेहतर उत्पादन और अधिक आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन, उद्यान विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा को दिया है। आज उनकी सफलता क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।