Home उत्तर प्रदेश खेत तालाब और जल संरक्षण योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

खेत तालाब और जल संरक्षण योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति तथा जिला मिशन समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भूमि संरक्षण अधिकारी ईईसी खागा ने समिति को वर्ष 2025-26 में दोनों भूमि संरक्षण इकाइयों (ईईसी खागा एवं राष्ट्रीय जलागम फतेहपुर) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इसमें आरकेवीवाई के तहत खेत तालाब योजना, आरएडी योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना एवं डब्ल्यूडीसी पीएमकेएसवाई 2.0 योजनाओं में निर्धारित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों के सापेक्ष किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान दोनों इकाइयों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भूमि संरक्षण इकाई राष्ट्रीय जलागम एवं ईईसी खागा को कुल 24 खेत तालाब और 4 पंप सेट का लक्ष्य आवंटित किया गया है। खेत तालाब योजना के लिए कृषकों का चयन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ई-लॉटरी/ऑटो कन्फर्म प्रक्रिया से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खेत तालाब योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने विगत वर्षों में अनुदान पर बनाए गए खेत तालाबों के लाभार्थी किसानों को मोती उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके लिए स्थानीय स्तर पर पहले से मोती उत्पादन कर रहे किसानों से संपर्क स्थापित कर इच्छुक किसानों को एक्सपोजर विजिट एवं प्रशिक्षण दिलाने को कहा। डीएम ने मत्स्य पालन में रुचि रखने वाले किसानों की सूची मत्स्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके। बैठक में डब्ल्यूडीसी पीएमकेएसवाई 2.0 योजना के अंतर्गत एनआरएम, उत्पादन प्रणाली और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के तहत चयनित नवीन परियोजनाओं, खेत तालाब योजना के लक्ष्यों और वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा कर समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, उप कृषि निदेशक, उपायुक्त मनरेगा, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, सहायक भूमि संरक्षण निरीक्षक, भूमि संरक्षण अधिकारी आईडब्ल्यूएमपी, सचिव प्रज्ञा ग्रामोत्थान सेवा संस्थान फतेहपुर, प्रगतिशील कृषक ग्राम गढ़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।