JHANSI NEWS: कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा की उपस्थिति में जनपद की सड़क, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बताया कि ऐसी बैठकें प्रत्येक माह आयोजित की जाएंगी। बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक सदर रवि शर्मा ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए फल एवं सब्जी मंडी को भोजला स्थानांतरित करने तथा बस स्टैंड को भगवंतपुरा क्षेत्र में शिफ्ट करने का सुझाव दिया। महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने मेडिकल कॉलेज के सामने लगने वाले जाम की समस्या उठाई। पेयजल व्यवस्था पर विधायक रवि शर्मा, सदस्य विधान परिषद रामतीर्थ सिंघल और मेयर बिहारीलाल आर्य ने अमृत योजना, जर्जर पाइपलाइनों और क्षतिग्रस्त सड़कों से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने जल संयोजन निःशुल्क उपलब्ध कराने तथा टेल क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्था पर विधायक रवि शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने अभियान चलाने के निर्देश दिए। सांसद अनुराग शर्मा ने कटेरा क्षेत्र तथा विधायक राजीव सिंह परीछा ने पुनांवली गांव में खराब ट्रांसफार्मरों की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने किसानों के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक जवाहर लाल राजपूत, डॉ. रश्मि आर्या, राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन, रामतीर्थ सिंघल, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







