JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर सायं कृषि भवन स्थित गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए गोवंशों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने गौशाला में पशुओं के लिए शेड, भूसा, हरा चारा एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में पानी, भूसा और हरा चारा उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौशाला परिसर की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पशु चिकित्साधिकारी को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गोवंशों के संरक्षण और बेहतर देखभाल के लिए सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करते रहें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उपजिलाधिकारी संतवीर, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं गौशाला के केयरटेकर उपस्थित रहे।







