नगर निगम ने शुरू की अभिनव पहल, आटिया ताल के सामने पहला सेल्फी प्वाइंट जनता को समर्पित
JHANSI NEWS: शहर को स्वच्छ, सुंदर और जनसहभागिता आधारित बनाने की दिशा में नगर निगम स्मार्ट सिटी झांसी ने नई पहल शुरू की है। लंबे समय से कूड़ा डाले जाने वाले स्थलों को अब आकर्षक सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और इन स्थानों पर दोबारा कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति समाप्त हो। इसी क्रम में आटिया ताल के ठीक सामने तैयार किए गए पहले सेल्फी प्वाइंट का लोकार्पण नगर आयुक्त आकांक्षा राना ने किया। इस सेल्फी प्वाइंट का निर्माण रोटरी क्लब झांसी सिटी के सहयोग से कराया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, उद्योग जगत तथा नागरिकों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिक से अधिक संस्थाओं से इस जनहित अभियान में जुड़ने की अपील करते हुए सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब झांसी सिटी के अध्यक्ष अतुल दुबे, डिस्ट्रिक्ट असिस्टेंट गवर्नर महेश अग्रवाल (एमराल्ड), सचिव प्रदीप शुक्ला सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत कुमार तथा राइड ऑन के निदेशक अमित सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान रोटरी क्लब की ओर से नगर आयुक्त का सम्मान भी किया गया। नगर निगम के अनुसार शहर के अन्य चिन्हित कूड़ा स्थलों को भी चरणबद्ध तरीके से आकर्षक सेल्फी प्वाइंट में विकसित किया जाएगा, जिससे झांसी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनसहभागिता का प्रेरणादायी मॉडल बन सके।







